हिरासत से निकलते ही 'आप' नेताओं ने साधा मोदी सरकार पर निशाना
हिरासत से निकलते ही 'आप' नेताओं ने साधा मोदी सरकार पर निशानानई दिल्ली, 27 फरवरी । दिल्ली पुलिस ने रविवार को आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को हिरासत में लिया था। अब दिल्ली पुलिस ने इन नेताओं और कार्यकर्ताओं को फतेहपुर बेरी थाने में करीब 22 घंटे रखने के बाद छोड़ दिया है। हिरासत से बाहर आते ही सांसद संजय सिंह और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल रॉय ने मोदी सरकार पर जोरदार हमला किया ।सांसद संजय सिंह ने कहा कि सिसोदिया को गिरफ्तार करना केंद्र सरकार की कायरतापूर्ण कार्रवाई है। दूसरी ओर मोदी जी के मित्र गौतम अडानी है, जिन्होंने लाखों-करोड़ रुपये का घोटाला किया है, लेकिन उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा ‘मैं प्रधानमंत्री मोदी से पूछना चाहता हूं कि आप अपने मुंह से अडानी का नाम क्यों नहीं लेते है? आपके पास हिम्मत नहीं है कि अडानी के खिलाफ कोई कार्रवाई कर सकें।’वहीं केजरीवाल सरकार में पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि मनीष सिसोदिया की जिस तरह से गिरफ्तारी हुई है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या देश में लोकतंत्र खत्म हो चुका है? उन्होंने कहा मोदी सरकार भले ही हमारे सभी मंत्रियों को गिरफ्तार कर लें, लेकिन उसके बाद भी केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।उल्लेखनीय है कि नई आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद पुलिस टीम ने सीबीआई मुख्यालय के पास लोगों के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सीआरपीसी की धारा-144 लागू कर दी थी। बावजूद इसके सिसोदिया के समर्थन में आम आदमी पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय के पास जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने आप पार्टी के करीब 50 नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था।





