ढाई साल के बच्चे को आंगन से उठा ले गया गुलदार, शव झाड़ियों में मिला
देहरादून/श्रीनगर,। श्रीनगर में गुलदार ने एक बच्चे की जान ले ली। ढाई साल का
सूरज आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान गुलदार उसे उठाकर जंगल की तरफ भाग
गया। शनिवार की सुबह सूरज का शव झाड़ियों से बरामद हुआ। श्रीनगर में गुलदार 6
महीने में चार बच्चों पर हमला कर चुका है।
श्रीनगर शहर एक बार फिर
गुलदार की दहशत से जूझ रहा है। शुक्रवार देर रात्रि एक ढाई साल के बच्चे पर
घात लगाए गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार बच्चे को घर के आंगन से मुंह में
दबाकर उठा ले गया। रात भर पुलिस और वन विभाग ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन
बच्चे का तक तक कोई पता नहीं चल सका था। रात से सुबह तक सर्च ऑपरेशन जारी
रहा। सुबह 6 बजे घर से करीब 50 मीटर दूर झाड़ियों से बच्चे का शव बरामद हुआ।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में खौफ का माहौल है। इससे पूर्व भी
एक बच्ची को गुलदार कोमा में पहुंचा चुका है। तीन बच्चे मौत के मुंह में
जा चुके हैं। घटना के बाद वन विभाग ने भी इलाके में एक पिंजरा लगा दिया है।
दो अन्य पिंजरे लगाने और ट्रैप कैमरे लगाने की कार्रवाई की जा रही है।





