साइबर ठगों ने आइसक्रीम की रेहड़ी लगाने वाले के खाते से निकाले एक लाख
फतेहाबाद। साइबर ठगों ने रतिया में आइसक्रीम की रेहड़ी लगाने वाले युवक के खाते से 1 लाख रुपये निकाल लिए। रेहड़ी चालक को जब अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला तो उसने तुरंत इस बारे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने शुक्रवार को केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नं. 11 रतिया निवासी हेमराज ने कहा है कि वह मूल रूप से राजस्थान के भीलवाड़ा का रहने वाला है और रतिया में आइसक्रीम की रेहड़ी लगाता है।कुछ दिन पहले उसके मोबाइल पर 1 लाख रुपये कटने का मैसेज आया जबकि उसने न तो किसी को कोई ओटीपी बताया और न ही किसी लिंक पर क्लिक किया था। जब उसने इस बारे पता किया तो उसे जानकारी मिली कि उसके बैंक ऑफ बडौदा के खाते से 1 लाख रुपये एयरटेल पैमेंट बैंक के एक खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। उसने आरोप लगाया कि अज्ञात ठग ने उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए उसके खाते से 1 लाख रुपये निकाल लिए हैं। इस पर रेहड़ी चालक ने इस बारे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी बारे केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





