उत्तराखंड में 87 थर्ड जेंडर ने लोकतंत्र में निभाई भागीदारी
देहरादून,। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने
सोमवार को सचिवालय में लोकसभा सामान्य निर्वाचन के सम्बन्धित प्रेस
ब्रीफिंग के दौरान बताया कि उत्तराखंड में 19 अप्रैल को मतदान प्रक्रिया
शांतिपूर्वक पूर्ण कराई गई। इस दौरान कहीं भी किसी भी प्रकार की अप्रिय
घटना संज्ञान में नहीं आई है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया
कि ईवीएम मशीन से प्रदेश में अंतिम रूप से प्राप्त कुल मतदान 57.24
प्रतिशत है। प्रदेश में सर्वाधिक मतदान हरिद्वार लोकसभा सीट में 63.53
प्रतिशत रहा। हरिद्वार में कुल 12,93,363 लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया,
जिसमें 6,90,238 पुरुष, 6,03,080 महिला एवं 44 थर्ड जेंडर शामिल हैं। इसके
बाद नैनीताल-उधमसिंहनगर में 62.47 प्रतिशत रहा, जिसमें कुल 12,59,180
लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया। इसमें 6,55,767 पुरुष, 6,03,394 महिला
एवं 19 थर्ड जेंडर शामिल हैं।
टिहरी लोकसभा सीट में मतदान 53.76
प्रतिशत रहा, जिसमें 8,48,212 लोगों ने मतदान किया। टिहरी में 4,27,234
पुरूष, 4,20,964 महिला एवं 14 थर्ड जेंडर शामिल हैं। पौड़ी गढ़वाल सीट में
मतदान 52.42 प्रतिशत रहा, जिसमें कुल 7,17,834 लोगों ने मतदान किया। पौड़ी
गढ़वाल लोकसभा सीट में 3,37,993 पुरुष, 3,79,833 महिला मतदाताओं सहित आठ
थर्ड जेंडर ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अल्मोड़ा में 48.82 प्रतिशत
रहा, जहां 3,05,516 पुरुष, 3,48,378 महिला एवं दो थर्ड जेंडर मतदाताओं ने
अपने मताधिकार का प्रयोग किया।





