कोडरमा में 63 लोगों ने दी कोरोना को मात
कोडरमा। जिले में रविवार को कोरोना को लेकर एक बड़ी राहत भरी खबर आई। विभिन्न कोविड अस्पताल में भर्ती 63 लोगों ने कोरोना को मात दी और स्वस्थ होकर अपने घर लौटे। इनमें डोमचांच महिला कॉलेज के 45, आईटीआई डोमचांच के 7, होली फैमिली अस्पताल के 10 एवं सदर अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड से 1 को छुट्टी दी गई। स्वस्थ हुए मरीजों को संबंधित अस्पताल में अधिकारियों ने फूल देकर विदा किया। इधर कोडरमा सदर अस्पताल स्थित फ्लूकॉर्नर में रविवार को हुए स्क्रीनिग में 19 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल स्थित ट्रूनेट से लोगों की जांच में 12 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जबकि एंटी जेेन किट से एक और आरटीपीसीआर में 6 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने बताया कि जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 939 पहुंच गई है।





