प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 484 लाभुकों को मिला कार्यादेश
लोगों के वरदान साबित होगा पीएम आवास : अरुणा शंकर
मेदिनीनगर : पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम प्रबंधन ने शहर के पंडित दीनदयाल नगर भवन में कार्यक्रम कर प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत वितीय वर्ष 2020-21 में स्वीकृत 484 यूनिट के लाभुकों के बीच कार्य आदेश का वितरण किया। मेयर अरूणा शंकर, डिप्टी मेयर मंगल सिंह, नगर आयुक्त दीनेश प्रसाद आदि ने विभिन्न वार्डो के पार्षदों के साथ कार्य आदेश का वितरण किया। इस क्रम में मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी की ओर से गरीबों के लिए एक महत्वकांक्षी योजना है। प्रधानमंत्री की सोच है कि देश के किसी भी गरीब का मकान कच्चा न रहे। सभी को पक्का मकान में रहने की कामना पूरी करने के लिए इस योजना की शुरूआत की गई है। उन्होंने लाभुकों से जल्द से जल्द अपना आवास निर्माण बनाने को प्रेरित किया। डिप्टी मेयर ने सभी लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निगम के अथक परिश्रम का परिणाम है कि निगम क्षेत्र के गरीबों का भी सपना पूरा हो रहा है। लाभुकों को मकान बनाने में अगर किसी तरह की परेशानी सामने आती है कि उनसे सीधा संपर्क कर सकते हैं।
बिचौलिया या निगम कर्मी पैसे मांगे तो तत्काल करें शिकायत
नगर आयुक्त ने लाभुकों के बीच अपना व्हाट्सअप नंबर सार्वजनिक करते हुए कहा कि आवास योजना में कोई भी बिचौलिया या निगम कर्मी पैसे की मांग करते हैं तो इसकी तत्काल शिकायत उनसे की जा सकती है। वे कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। डेढ़ साल के अंदर करीब तीन हजार लाभुकों को आवास योजना से लाभान्वित किया गया है। 1600 अतिरिक्त लाभुकों को 15 दिनों में लाभान्वित किया जायेगा। इसकी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वार्ड पार्षद धीरेन्द्र पांडेय, राजीव शुक्ला, अहिल्या देवी, विवेकानंद त्रिपाठी आदि ने भी लाभुकों को संबोधित किया। वार्ड पार्षद सुशीला देवी, हीरामणि तिर्की, रौशन कुमार, जयंती देवी, कमर यास्मीन, हसबुन निशा, राजू राम तथा अनूप सिंह के अलावा निगम कर्मी समिता भगत, अनिल कुमार, प्रदीप कुमार, दिलीप कुमार, राजन सिन्हा, अनूप कुमार आदि मौके पर उपस्थित थे।





