नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत
दुमका । झारखंड की उपराजधानी दुमका के मसलिया क्षेत्र के कुंजबोना पंचायत के कुमिरदहा गांव से गुजरने वाली एक नदी में डूबने से एक 4 वर्षीय बच्ची सहित दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सनाधन टुडू की पत्नी सरिता मुर्मू अपने 3 वर्षीय पुत्र सगुन टुडू के साथ नदी में स्नान करने के लिए गई थी। महिला के पीछे-पीछे पड़ोस के फिलीप मुर्मू की 4 वर्षीय बच्ची सुहानी सोरेन भी उसके पीछे-पीचे नदी तक जा पहुंची।
इस दौरान महिला कपड़े साफ करने में व्यस्त हो गई। बारिश होने के कारण नदी में काफी पानी भरा हुआ था। दोनों बच्चे नदी के किनारे खेल रहे थे। खेलते-खेलते बच्चे नदी में उतर गए और गहरे पानी में चले गए। कपड़े धोकर खाली हुई तो सरिता मुर्मू ने दोनों बच्चों को तालाब के पास नहीं पाया तो खोजबीन शुरू कर दी। उसने नदी में घुसकर उन्हें खोजने का प्रयास किया। इसी बीच सुहानी सोरेन का पैर उसके शरीर से टकराया, तो उसने उसे खींचकर बाहर निकाला और बदहवास होकर अपने बेटे की तलाश में जुट गई। हो-हल्ला सुनकर आसपास के लोग भी वहां जुट गए और बच्चे की तलाश में मदद करने लगे। नदी में बहाव के साथ बहकर बच्चे का शव कुछ दूर आगे चला गया था। दो बच्चों की मौत से गांव में मातमी माहौल पसर गया।





