जेल में एक सिम से कई मोबाइल हो रहे इस्तेमाल
रांची । झारखंड की राजधानी रांची स्थित होटवार बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में कुछ सजायाफ्ता कैदी मोबाइल-सेलफोन का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जाता है। ये चौंकाने वाला खुलासा टेक्निकल इन्क्वायरी में हुआ है। हालांकि यहां कैदियों की पूरी निगरानी के दावे भी किए जाते हैं, लेकिन हर बार यहां ये दावे खोखले नजर आते हैं। जब भी इस जेल में औचक निरीक्षण हुआ कुछ न कुछ खामियां पाई गईं।इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सिम नंबर 8235064923 का उपयोग 42 मोबाइलों में किया गया। जबकि मोबाइल नंबर 8234622139 का इस्तेमाल 25 मोबाइल में किया गया। रांची पुलिस ने सिम नंबर 8235064923 का भौतिक सत्यापन करना शुरू किया, तब यह बात सामने आयी कि यह सिम अनगड़ा थाना क्षेत्र के हेसल जारा निवासी सुधीर महली के नाम पर लिया गया है।जब पुलिस इनके पास पहुंची, तब इन्होंने कहा कि 8235064923 नंबर इनका नहीं है। फिर पुलिस ने इसकी जांच की। तब पता चला कि यह नंबर सुधीर महली के बहनोई राजू सिंह उपयोग कर रहे हैं, जो कि अपहरण के एक केस में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में सजा काट रहे हैं। राजू सिंह टीटीसिल्वे थाना क्षेत्र के मानकारी दिपासेल्वई के रहने वाले हैं।वहीं, सिम नंबर 8603261277 के जांच में पता चला है कि रांची के खरसीदाग ओपी के कुटियातू तेतरी निवासी सुनीता देवो के नाम से है, जब जांच शुरू की गई, इसमें सुनीता के पति सचिन्द्र लोहरा ने पुलिस को बताया कि उसका भाई मनीष को हत्या के केस में नामकुम थाना ने होटवार जेल भेजा था। जब सचिन्द्र उससे मिलने गया था तब उसने गोपनीय तरीके से यह सिम नंबर (8603261277) अपने भाई को दे दिया था। मनीष उसी नंबर से जेल से फोन करता था।





