सड़क दुर्घटना में युवक की मौत,एक घायल

पश्चिमी सिंहभूम,। पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत मंझारी प्रखंड के जलधर गांव में सड़क दुर्घटना में युवक अमन गोप (19) की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार जलधर गांव के पास सड़क किनारे सप्ताहभर से एक खराब ट्रक खड़ा था। गुरुवार की सुबह लगभग 4 बजे अमन अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। तभी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत उसे सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान ही अमन ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।ग्रामीणों के अनुसार जलधर में इन दिनों वार्षिक मेला लगा हुआ है। बुधवार की रात अमन और उसका साथी मेला में घूमने गया था। देर रात तक मेला देखने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी क्रम में खड़े खराब ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई। इसमें एक की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।





