महिलाओं की आर्थिक सबलता के लिए अर्बन लाइवलीहुड इको सिस्टम पर करना होगा काम : राहुल कपूर
रांची,
16 फ़रवरी केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, यूएनडीपी
इंडिया एवं नगरीय प्रशासन निदेशालय, नगर विकास एवं आवास विभाग के संयुक्त
तत्वावधान में आयोजित शहरी आजीविका से संबंधित राष्ट्रीय कार्यशाला का
शुक्रवार को समापन हो गया। कार्यशाला में महिला सशक्तीकरण एवं आर्थिक
आत्मनिर्भरता विषय पर गहन चर्चा हुई। नयी रणनीति और भविष्य में राज्यों के
उत्कृष्ट कार्यों को पूरे देश में कैसे लागू किया जाये, इसकी कार्ययोजना
बनायी गयी।
मौके पर आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के केंद्रीय
संयुक्त सचिव राहुल कपूर ने कहा कि शहरी क्षेत्र की गरीब महिलाओं के साथ
उनकी सशक्त संरचनात्मक संस्था के द्वारा उनकी आजीविका विकास, उनके
सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार के लिए समुदाय के साथ मिलकर विकास पर
कार्य किये जाने की आवश्यकता है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के
लिए अर्बन लाइवलीहुड इको सिस्टम पर काम करना होगा। झारखंड राज्य द्वारा इस
दिशा में बेहतर कार्य किये जा रहे हैं।
नगर विकास सचिव अरवा
राजकमल और निदेशक नगरीय प्रशासन आदित्य कुमार आनंद ने महिला स्वयं सहायता
समूहों तथा स्ट्रीट वेंडर्स के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र एवं राज्य
सरकार की योजनाओं का प्रभावी ढंग से लाभ देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।
दूसरे दिन कार्यशाला से पूर्व प्रतिभागियों को बिरसा मुण्डा स्मृति पार्क,
बिरसा मुण्डा संग्रहालय का भ्रमण तथा योग सत्र कराया गया। कार्यशाला को
अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।





