लातेहार में भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल
लातेहार: हेरहंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को बालूमाथ में प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है। मृतकों की पहचान हेरहंज थाना क्षेत्र के हाटाटोंगरी निवासी रविन्द्र गंझू, जितेंद्र गंझू और चुकू गांव निवासी सूरज यादव के रूप में की गई। आपको बता दें कि लातेहार जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र के हाटातोंगरी निवासी सूरज यादव, राहुल यादव और पवन यादव बाइक पर सवार होकर ब्रह्ममोरिया बाजार की ओर जा रहे थे। वहीं सामने से चुकु गांव निवासी रविंद्र गंझु, जितेंद्र गंझु और झुनिया देवी चंदवा की ओर से वापस अपने गांव की ओर आ रहे थे। इसी बीच हुम्बू पेट्रोल पंप के पास अचानक दोनों बाइकों की सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों की परखच्चे उड़ गए। इस घटना में बाइक पर सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने सूरज यादव और जितेंद्र गंझु को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। परंतु अस्पताल से निकलने के थोड़ी देर बाद ही रविंद्र गंझु की भी मौत हो गई।





