जेएसएससी पेपर लीक मामले में विधानसभा के अवर सचिव सहित तीन लोग गिरफ्तार, ब्लैंक चेक के साथ कई एडमिट कार्ड बरामद
रांची: झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 (जेएसएससी) पेपर लीक मामले में रांची पुलिस की एसआईटी ने बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में झारखंड विधानसभा के अवर सचिव मो शमीम और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कई कागजातों के साथ साथ ब्लैंक चेक भी बरामद किया गया है।
मामले की जांच को लेकर रांची एसएसपी ने चार अलग अलग टीमें बनाई थी, जिसके बाद इस मामले में दो दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी, इसी दौरान मो शमीम के बारे में पुलिस को सूचना मिली जिसके बाद शमीम के साथ साथ उसके दो बेटों को धर दबोचा गया।
एसआईटी को झारखंड विधानसभा के अवर सचिव मो शमीम के बारे में यह पुख्ता जानकारी मिली थी कि वह और उसके दो बेटे पेपर लीक मामले में संलिप्त हैं। जिसके बाद एसआईटी उनपर लगातार नजर रखे हुए थी। सूचना कन्फर्म होने पर एसआईटी ने शमीम के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान शमीम के ठिकानों से कई अभ्यर्थियों के द्वारा दिये गए ब्लैंक चेक, दर्जनों एडमिट कार्ड के साथ-साथ कई मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि पेपर लीक मामले में झारखंड विधानसभा के अवर सचिव की भूमिका सामने आई है, उसके खिलाफ कई सबूत भी पुलिस को हासिल हुए हैं। फिलहाल पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए छापेमारी अभी भी जारी है।





