यह आंदोलन सिर्फ आजसू का नहीं पूरे राज्य के युवाओं का है : विशाल महतो
रांची। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) जेएसएससी-सीजीएल पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच समेत अन्य मांगों को लेकर शनिवार को राजभवन के समक्ष प्रदर्शन करेगा। इस प्रदर्शन में आजसू के समस्त जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ हजारों की संख्या में छात्र और अभ्यर्थी शामिल होंगे।
प्रदर्शन के बारे में जानकारी देते हुए आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ आजसू का नहीं पूरे राज्य के युवाओं का है। मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से शनिवार को छात्रों के साथ पैदल मार्च करते हुए कचहरी होते हुए राजभवन पहुंच कर प्रदर्शन की शुरुआत होगी। इसके बाद अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जेएसएसी ने छात्रों के भविष्य के साथ ही राज्य के भविष्य को भी अंधेरे में धकेल दिया है। सरकार को इस मामले की जांच सीबीआई से कराए ताकि दोषियों पर कार्रवाई हो और पीड़ित छात्रों को इंसाफ मिले। छात्रहित से जुड़े इस मामले पर हम चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। हमारे द्वारा आयोजित हस्ताक्षर अभियान और मशाल जुलूस में शामिल होकर राज्य की कई छात्रों ने सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
आजसू के महासचिव विशाल महतो ने राज्य के सभी छात्रों और अभ्यर्थियों को इस प्रदर्शन में शामिल होने होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले को लेकर राज्य के सभी छात्र एकजुटता का परिचय देते हुए कल राजभवन के समक्ष होने वाले प्रदर्शन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और हम सभी अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने का कार्य करें।





