वाहन ने पैदल जा रहे दाे लाेगाें काे राैंदा, अस्पताल में मौत

मीरजापुर। मीरजापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में वाराणसी–शक्तिनगर रोड पर स्थित मुजडीह गांव के सामने गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। रात लगभग 1 बजे एक अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे दाे लाेगाें काे राैंद दिया। अस्पताल में इन दाेनाें लाेगाें की माैत हाे गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं फरार वाहन की तलाश जारी है।प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों रामदुलार (52) पुत्र महादेव, निवासी भदोही व विजय भारती (23) पुत्र अमरनाथ, निवासी तेलीगुड़वा कोटा, चोपन, सोनभद्र को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने विजय भारती को मृत घोषित कर दिया।गंभीर रूप से घायल रामदुलार को ईएमटी शैलेंद्र यादव और पायलट मुकेश कुमार की टीम ने ट्रामा सेंटर, बीएचयू रेफर किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों मृतक पास के यूरिया पंप पर रहते थे और रात में पैदल अहरौरा से अदलहाट की ओर जा रहे थे कि पीछे से आए किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि रोड के किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे और फत्तेपुर टोल प्लाजा के वीडियो की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।





