बिजनौर में समूह सखियों का प्रदर्शन, मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर दिया ज्ञापन

बिजनौर। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में समूह सखियों ने बुधवार काे अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला कलक्ट्रेट में अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने मानदेय में बढ़ोतरी सहित आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी मांगें उठाईं।
ज्ञापन में कहा गया कि समूह सखियाँ लंबे समय से विभागीय योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित मानदेय नहीं मिल पा रहा है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि उनका मानदेय बढ़ाकर सम्मानजनक स्तर पर किया जाए।
कलक्ट्रेट में भारती राजपूत ने बताया कि ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि कार्यकर्ताओं को कार्य के दौरान होने वाली दुर्घटना आदि की स्थिति में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन अथवा आर्थिक सहायता की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में वर्तमान मानदेय दो हजार महिना में परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो रहा है। सखियों ने सरकार द्वारा लगभग एक वर्ष पहले मानदेय 1200 से बढ़ाकर दो हजार किया गया था जिसका भुगतान भी कई ब्लाकों में नही दिया जा रहा है।
इस मौके पर भारती राजपूत, कुमारी अनिमिका, शेरेन्द्री, शमा परवीन, अल्पना, सुनिता, नाजमा, सीमा,सत्यवीर कौर आदि समूह सखियाँ बड़ी संख्या में मौजूद रही |





