सांसद ने सुनी वार्डों में समस्याएं, समाधान का दिया आश्वासन

खूंटी: सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय जिला कार्यालय में बुधवार को नगर पंचायत कांग्रेस कमेटी की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगरपंचायत कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गुलाम गौश ने की। यह बैठक जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा के निर्देश पर आयोजित की गई, जिसमें सांसद कालीचरण मुंडा स्वयं उपस्थित थे।बैठक में एसआईआर से जुड़े मुददों के साथ-साथ नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों की जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वार्ड अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, सफाई, नाली, बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को सांसद और जिला नेतृत्व के समक्ष रखा।बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के सभी 19 वार्डों के वार्ड अध्यक्ष मौजूद रहे। सभी ने अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। सांसद कालीचरण मुंडा ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और वार्ड स्तर तक प्रत्येक नागरिक की आवाज सुनी जाएगी।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने संगठन की मजबूती और एसआईआर अभियान की सफलता पर जोर देते हुए वार्ड अध्यक्षों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम नहीं छूटना चाहिए और सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।बैठक का संचालन गुलाम गौश ने किया। अंत में उन्होंने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करता रहेगा। बैठक में जिला उपाध्यक्ष विलसन बोदरा, जिला महासचिव प्रणीत तोपनो, महिला जिला अध्यक्ष सुनीता गोप, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अध्यक्ष अमिर हुसैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।





