संघर्ष ही झामुमो की पहचान : सुप्रियो भट्टाचार्य
रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो )की ओर से रांची के मोराबादी स्थित बापू वाटिका के समक्ष छठे दिन मंगलवार को सरायकेला- खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो की अध्यक्षता में उपवास कार्यक्रम संपन्न हुआ।
मौके पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि संघर्ष का हमारा लंबा परिचय रहा है। राज्य में सामंतवादी ताकत और शोसकों की यह फितरत रही है कि कैसे झारखंड को लूटा जाय। झारखंडियों को लूटा जाय और यहां के खनिज संपदा पर अपना कब्जा जमाया जाय। इसी के खिलाफ हेमंत सोरेन ने अपनी लड़ाई को तेज किया, तो इनको लगा कि इस आवाज को दबाना चाहिए और जेल में डालना चाहिए। लेकिन इनको पता होना चाहिए कि यहां का बच्चा-बच्चा हेमंत सोरेन है, उनके अंदर जो खून दौड़ रहा है वह यहां के आंदोलनकारियों का खून है।
मौके पर सरायकेला- खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो ने कहा संघर्ष की बदौलत हमने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में यह अलग झारखंड राज्य पाया और जिसको बहुत ही अच्छे ढंग से हेमंत सोरेन राज्य के अंतिम व्यक्ति तक सभी जन कल्याणकारी योजना पहुंचने का काम कर रहे थे और यही बात केंद्र सरकार को हजम नहीं हुई। गलत ढंग से जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर हमारे नेता हेमंत सोरेन को जेल भेजने का काम किया है।





