रांची में तेज रफ्तार बस ने ट्रक में मारी टक्कर, दो की हालत गंभीर
रांची,
10 फरवरी । रांची के नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर रिंगरोड
चौराहे पर शनिवार की शाम रांची से जमशेदपुर जा रही सफारी बस ने ट्रक को
टक्कर मार दी। इस टक्कर में ट्रक पलट गया एवं लदा सारा सामान सड़क पर बिखर
गया। वहीं बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार छह
लोगों को चोट आई है जिसमें दो की स्थिति गंभीर है। उन्हें स्थानीय अस्पताल
में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ट्रक (एमएच16सीडी4514)
रामपुर चौराहा से रिंगरोड होते हुए टाटीसिलवे की ओर जा रहा था। इसी क्रम
में जमशेदपुर की ओर जा रही सफारी बस (जेएच 05 बीडी1720) ने बाइक सवार को
बचाने के क्रम में ट्रक को टक्कर मारी जिससे ट्रक पलट गया। ट्रक में टावर
का सामान लोड था। बस में कई यात्री ऐसे थे जिन्हें जमशेदपुर से ट्रेन
पकड़नी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें दूसरे वाहन से भिजवाया एवं
घायलों को अस्पताल पहुंचाया।





