एयरफोर्स डे पर सूर्यकिरण का शानदार एयर शो, आसमान में दिखेगा रोमांच
जोधपुर में 8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस के मौके पर एयरफोर्स स्टेशन पर भव्य एयर शो होगा। सूर्यकिरण की 9 हॉक जेट वाली टीम के साथ तेजस और सुखोई-30 भी हवाई करतब दिखाएंगे। 7 अक्टूबर को इसकी फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है।

सूर्यकिरण के साथ सुखोई-30, तेजस भी दिखाएंगे जलवा, रक्षा मंत्री हो सकते हैं शामिल
जोधपुर। जोधपुर में चल रहे वायुसेना के युद्धाभ्यास तरंग शक्ति के दौरान 8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस के मौके पर जोधपुर के एयरफोर्स स्टेशन पर एरोबेटिक टीम का एयर शो भी होगा। सूर्यकिरण टीम अपने 9 हॉक जेट से आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन और एरोबेटिक करतब दिखाएगी। इनके साथ ही तेजस और सुखोई भी प्रदर्शन दिखाएंगे। इससे एक दिन पहले 7 अक्टूबर को एयरबेस पर फुल ड्रेस रिहर्सल होगी।
वायुसेना दिवस के समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भी आने की संभावना है। एरोबेटिक शो के लिए एनसीसी के कैडेट्स व स्पेशल स्कूल के बच्चों को देखने के लिए बुलाने की संभावना है। सूर्यकिरण का एयर शो करीब 25 से 30 मिनट का होता है। तरंग शक्ति में हर दिन अलग-अलग देशों के लड़ाकू विमान जोधपुर सहित पूरे पश्चिमी सीमा पर उड़ान भर रहे हैं। इन सबके बीच बेहतर सामांजस्य और तालमेल नजर आता है। वायुसेना ने इसे पावर ऑफ पार्टनरशिप का नाम दिया है। इसके तहत सभी देश एक दूसरे के साथ आसमान को नाप रहे हैं। इस दौरान एक दूसरे के जहाज में आसमान में ही रिफ्यूल भी कर रहे हैं। इनके कई वीडियो भी सामने आए हैं।
उल्लेखनीय है कि जोधपुर में 26 सितंबर से तरंग शक्ति युद्धाभ्यास चल रहा है, जो 12 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें भारत सहित आठ देशें की सेनाएं अपने लड़ाकू विमानों व संसाधनों के साथ भाग ले रही हैं, जबकि 32 देश बतौर पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं। बता दे कि सूर्यकिरण स्क्वाडन ने इस साल अपनी स्थापना के 30 वर्ष पूरे कर लिए हैं। मई 1996 में गठित यह टीम कर्नाटक के बीदर एयरबेस पर तैनात है और अब तक देश-विदेश में 800 से अधिक एयर शो कर चुकी है। इस साल पहला एरोबेटिक डिस्प्ले 19-20 सितंबर को मेरठ में हुआ था।





