शादी से पहले रोहित शर्मा ने रखी थी अजीब शर्त, नाराज हो गईं थीं रितिका, टूटते-टूटते बची थी शादी...
रोहित शर्मा ने शादी से पहले रितिका सजदेह पर एक मजाक किया था। अपने शो 'फैमिली फुल हाउस' में रोहित ने बताया कि उन्होंने इंटरव्यू में कहा था कि मम्मी की शर्त है कि शादी उसी से करूंगा जिसे खाना बनाना आता हो। ये बात सुनकर रितिका नाराज हो गईं और दोनों में खटपट हो गई। बाद में रोहित ने बताया कि ये सिर्फ छोटा सा प्रैंक था। दोनों की शादी 13 दिसंबर 2015 को हुई थी।

भारतीय क्रिकेट टीम के हिटमैन रोहित शर्मा मैदान पर जितने शांत दिखते हैं, असल जिंदगी में उतने ही मजाकिया हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी लव स्टोरी का एक ऐसा किस्सा सुनाया जिसे सुनकर फैंस हंस-हंस कर लोटपोट हो गए। यह किस्सा उनकी शादी से पहले का है, जब उनके एक मजाक की वजह से रितिका सजदेह से उनकी छोटी सी लड़ाई भी हो गई थी। रोहित इन दिनों सोनी टीवी पर अपना शो 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' होस्ट कर रहे हैं। इसी शो के एक एपिसोड में उन्होंने बताया कि शादी से पहले उन्होंने रितिका के साथ एक प्रैंक किया था।
रोहित ने बताया, "एक छोटी सी स्टोरी आपको मैं बताता हूँ। ये उस समय की बात है जब रितिका ने खाना बनाना शुरू भी नहीं किया था। जब हमारी शादी होने वाली थी, मैंने एक इंटरव्यू में बोल दिया था। प्रैंक था ये। मैंने रितिका को भी बताया कि रितिका, शादी के बाद आपको खाना बनाना आना चाहिए, क्योंकि मेरी मम्मी ने मेरे को बोला है कि आप उन्हीं से शादी करोगे जिसे खाना बनाना आता है।" रोहित ने इंटरव्यू में तो ये बात मजाक में कही थी, लेकिन रितिका को ये बात बिल्कुल पसंद नहीं आई। रोहित ने खुद माना कि इस प्रैंक की वजह से दोनों के बीच थोड़ा टर्बुलेंस हो गया था। रोहित ने कहा, "तो हमारा थोड़ा सा टर्बुलेंस हो रहा था, बट सेटल हो गया सब। ये प्रैंक था, छोटा सा प्रैंक था, उनकी खिंचाई कर रहा था।"
बाद में रोहित ने साफ किया कि उनकी मम्मी ने ऐसी कोई शर्त कभी रखी ही नहीं थी। ये सिर्फ रितिका को छेड़ने के लिए किया गया एक मजाक था। रोहित और रितिका की पहली मुलाकात 2008 में एक एड शूट के दौरान हुई थी। उस समय रितिका एक स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी में काम करती थीं और रोहित के क्रिकेट मैनेजर के तौर पर काम कर रही थीं। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। 7 साल तक डेट करने के बाद रोहित ने 2015 में बोरीवली स्पोर्ट्स क्लब में रितिका को घुटनों पर बैठकर प्रपोज किया था। दोनों ने 13 दिसंबर 2015 को मुंबई में धूमधाम से शादी की। आज उनके दो बच्चे हैं, बेटी समायरा और बेटा अहान।
रोहित का ये शो हर शनिवार-रविवार रात 9:30 बजे सोनी टीवी और सोनी लिव पर आता है। शो में रोहित अपनी पर्सनल लाइफ के ऐसे ही कई अनसुने किस्से शेयर कर रहे हैं। इससे पहले भी रोहित और रितिका का राष्ट्रपति भवन में पद्मश्री लेते समय और कार में सीट को लेकर नोकझोंक वाला वीडियो वायरल हो चुका है। रोहित का ये खुलासा फिर साबित करता है कि शादी चाहे हिटमैन की ही क्यों न हो, छोटी-मोटी नोकझोंक तो हर कपल में होती ही है।
विषय




