रेड क्रॉस सोसाइटी नौ दिसंबर से सभी प्रखंडों में लगायेगी स्वास्थ्य सह रक्तदान शिविर

खूंटी। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी खूंटी के जरिये जिले के विभिन्न प्रखंडों में हेल्थ कैम्प सह ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने को लेकर बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। अनुमंडल कार्यालय स्थित कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता भूमि सुधार उप समाहर्ता सह प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार ओझा ने की। बैठक में सोसाइटी के सभी सदस्यों ने भाग लिया और भावी कार्यक्रमों की योजना पर चर्चा की। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों में हेल्थ कैम्प सह ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने के लिए तिथियों का निर्धारण किया गया। हेल्थ कैम्प सह ब्लड डोनेशन कैंप की शुरुआत नौ दिसंबर को रनिया प्रखंड से होगी। 10 दिसंबर को तोरपा प्रखंड में, 11 दिसंबर को कर्रा प्रखंड में, 12 दिसंबर को मुरहू प्रखंड में, 13 दिसंबर को अड़की प्रखंड में और 14 दिसंबर को खूंटी प्रखंड में स्वास्थ्य शिविर सह रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। भूमि सुधार उप समाहर्ता अरविंद कुमार ओझा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समाज में रक्तदान के महत्व को बढ़ावा देने में सहायक होंगे।





