लोकसभा चुनाव के लिए तमाड़ और मांडर इलाके में सुरक्षाबलों की तैनाती, बॉर्डर पर नाकेबंदी
रांची,। खूंटी लोकसभा क्षेत्र के तमाड़ और लोहरदगा संसदीय क्षेत्र
के मांडर समेत अन्य इलाकों में 13 मई को होने वाले मतदान को देखते हुए
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। मतदान के दौरान कोई भी
उपद्रवी तत्व किसी भी प्रकार से कोई भी गड़बड़ी न कर सकें इसके मद्देनजर
तमाड़ और मांडर समेत अन्य इलाकों में डेढ़ हजार से ज्यादा फोर्स की तैनाती
की गई है। इसमें सीआरपीएफ, एसएसबी, सीएपीएफ, जिला बल, जैप और झारखंड जगुआर
शामिल हैं।
नक्सल प्रभावित मतदान केंद्रों में सीआरपीएफ की तैनाती
की गई है। तैनात पुलिस बल को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी हाल
में मतदान के दौरान विधि व्यवस्था भंग नहीं होने दें। रांची एसएसपी चंदन
सिन्हा ने बताया कि मतदान के दौरान यदि कोई व्यक्ति विधि व्यवस्था भंग करता
है तो उन्हें तुरंत हिरासत में लिया जाएगा। एसएसपी ने ग्रामीण एसपी समेत
डीएसपी और सभी थानेदारों को मतदान केंद्र और उसके आसपास इलाकों में गश्त
लगाने का निर्देश दिया है।
चंदन सिन्हा ने बताया कि रांची से लगने
वाले दूसरे जिलों की सीमा पर नाकेबंदी कर दी गई है। बिना जांच के किसी भी
वाहन को जिले से बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। अवैध शराब और हथियार को
लेकर विशेष निगरानी की जा रही है। कहीं से भी नकदी की आवाजाही पर नजर रखी
जा रही है। एसएसपी के अनुसार आधा दर्जन फ्लाइंग स्कॉट बनाए गए हैं, जो औचक
निरीक्षण करेंगे। मतदान के दिन और वोटिंग से पहले किसी भी तरह के साजिश का
पता लगाने के लिए ह्यूमन नेटवर्क को भी एक्टिव किया गया है। जिले में क्विक
रिस्पांस टीम को भी एक्टिव किया गया है।





