स्टेट ऑफ आर्ट ग्रीनफील्ड टाउनशिप के लिए रांची स्मार्ट सिटी को मिला राष्ट्रीय सम्मान
रांची,
19 जनवरी । स्मार्ट सिटी रांची को एक बार फिर राष्ट्रीय सम्मान से
नवाजा गया है। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में पिछले तीन दिनों से आयोजित
31वें कन्वर्जेंस इंडिया और 9वीं स्मार्ट सिटी इंडिया एक्सपो में रांची को
सम्मानित किया गया। कन्वर्जेंस इंडिया कार्यक्रम में शुक्रवार को रूस के
मास्को शहर के मंत्री सर्गेई चेरेमिन ने यह सम्मान दिया। रांची स्मार्ट
सिटी की ओर से सीईओ अमित कुमार और जीएम (टेक्निकल) राकेश कुमार
नंदक्योलियार ने सम्मान ग्रहण किया। यह अवार्ड स्टेट ऑफ आर्ट ग्रीनफील्ड
टाउनशिप के लिए दिया गया।
रांची स्मार्ट सिटी का यह मैनडेट है कि
656 एकड़ जमीन पर एबीडी क्षेत्र में निर्मित होने वाली हर बिल्डिंग कम से
कम दो रेटिंग की होनी चाहिए। डेवलपर यदि चाहे तो वो पांच रेटिंग तक
बिल्डिंग का निर्माण कर सकते हैं। इसके साथ इस नए क्षेत्र में ग्रीन
इनिशिएटिव के रूप में कई कदम उठाए गए हैं। पूरे क्षेत्र में कुल तीन लाख
अलग-अलग किस्म के पौधे लगाए गए हैं। मास्टर प्लान के हिसाब से 37 प्रतिशत
क्षेत्र को ओपन स्पेस ओर ग्रीन एरिया के रूप में रखा गया है।
सभी
मुख्य मार्गों के दोनों तरफ सेफ और डेडिकेटेड साईकिल लेन और फुटपाथ बनाए
गए हैं, जो नॉनमोटराईज ट्रांसपोर्ट को प्रोत्साहित करेंगे। वेस्ट वाटर को
रीसाइकिल कर पुनः सेकेंड्री वाटर के रूप में आपूर्ति की व्यवस्था की गयी
है। पूरे स्मार्ट सिटी में सोलर एनर्जी को प्रोत्साहित किया गया है। यह
अवार्ड भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन और एक्जिबिशन इंडिया की ओर से रांची
को दिया गया है।
सम्मान समारोह से पहले शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:15
से 11:00 बजे के बीच स्मार्ट सिटी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर परिचर्चा
कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें सफल स्मार्ट सिटी के लिए परियोजना का चयन और
उसके क्रियान्वयन, स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं की सफलता और सफलता से
सीखना,शहरों के विभिन्न योजनाओं से दूसरे शहरों की ओर से सीखने की
प्रक्रिया इत्यादि विषय पर कार्यक्रम में परिचर्चा हुयी। इसमें मुख्य वक्ता
के रूप में रांची स्मार्ट सिटी के सीईओ अमित कुमार ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में रांची स्मार्ट सिटी के सीईओ के साथ न्यू टाउन कोलकाता, श्रीनगर, कानपुर, इंफाल स्मार्ट सिटी के सीईओ भी मौजूद थे।





