दिवाली से पहले दिल्ली में घमासान: व्यापारियों की अपील पर राहुल गांधी का पलटवार, बोले- मोदी से कहो...
1 नवंबर को रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली से पहले दिल्ली के कारोबारियों ने त्योहारी सीजन में 10,000 करोड़ के कारोबार पर असर का हवाला देते हुए रैली टालने की अपील की। इस पर राहुल गांधी ने X पर जवाब देते हुए कहा- दिल्ली के व्यापारियों हम आपसे प्यार करते हैं, आपकी सुन रहे हैं। मेट्रो-सड़कें सरकार ने बंद की हैं। पीएम मोदी से आरोपी नंबर 4, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने को कहो, 30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा।

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को INDIA गठबंधन की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली को लेकर सियासी पारा हाई है। रैली से पहले दिल्ली के कारोबारियों ने रैली को 10 नवंबर के बाद कराने की अपील की थी। इस पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कारोबारियों को सीधा संदेश देते हुए कहा है - पीएम मोदी से कहो आरोपी नंबर 4 ज्ञानेश कुमार को हटाएं, 30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा.
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने राहुल गांधी और INDIA गठबंधन को पत्र लिखा था। पत्र में कहा गया था कि 6 नवंबर को धनतेरस, 8 नवंबर को दिवाली और 10 नवंबर को भाई दूज है। त्योहारों से एक हफ्ते पहले ही बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है।
दिल्ली में धनतेरस-दिवाली के दौरान सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, ऑटोमोबाइल, गिफ्ट आइटम्स का करीब 25,000 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। रामलीला मैदान के आसपास के थोक और खुदरा बाजारों में ट्रैफिक डायवर्जन, सड़कें बंद होने और मेट्रो बंद होने से ग्राहक नहीं आएंगे। CTI का दावा है कि इससे 10,000 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो सकता है। संगठन के मुताबिक अक्टूबर में कनॉट प्लेस और मध्य दिल्ली में रैलियों के कारण पहले ही 3,000 करोड़ का नुकसान हो चुका है।
राहुल गांधी ने X पर दो भाषाओं (अंग्रेजी और हिंदी) में पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, "दिल्ली के हर व्यापारी से: हम आपसे प्यार करते हैं, आपकी बात सुन रहे हैं। मेट्रो सरकार ने बंद की, सड़कें सरकार ने सील की, राजधानी पर ताला सरकार ने लगाया। जब वोट ही चोरी हो जाए, तो कुछ भी सुरक्षित नहीं - न आपकी दुकान, न आपकी बचत, न आपके बच्चों का भविष्य। मोदी जी से कहिए - आरोपी नंबर 4, ज्ञानेश कुमार को हटाएं, 30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा।"
राहुल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को 'आरोपी नंबर 4' बताया। इससे पहले भी वह SIR यानी वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन में गड़बड़ी को लेकर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख और ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते रहे हैं।
INDIA गठबंधन मतदाता सूची के SIR के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन चला रहा है। आरोप है कि SIR के नाम पर वोट चोरी हो रही है। इसी के खिलाफ 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बड़ी रैली रखी गई है। सरकार ने सुरक्षा कारणों से मेट्रो सेवाओं में कटौती और कई सड़कों को सील किया था, जिसे राहुल गांधी ने कारोबारियों के नुकसान से जोड़ दिया।
वहीं, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने CTI पर निशाना साधते हुए कहा कि यह संगठन AAP-BJP के इशारे पर काम कर रहा है।
दूसरी तरफ BJP भी जवाबी रणनीति में है। 1 नवंबर की रैली के अगले दिन 2 नवंबर को गृह मंत्री अमित शाह तेलंगाना में 'लोकतंत्र बचाओ - अराजकता हटाओ' पदयात्रा करेंगे।
अब देखना होगा कि दिल्ली के व्यापारी राहुल के इस 30 सेकंड वाले फॉर्मूले को कैसे लेते हैं और क्या रैली के समय में कोई बदलाव होता है।




