राहुल गांधी ने रामगढ़ में स्वतंत्रता सेनानियों का किया अपमान : सुनीता चौधरी
रामगढ़ । राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर आजसू विधायक सुनीता चौधरी ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने सोमवार को प्रेस बयान जारी कर कहा है कि राहुल गांधी ने रामगढ़ में स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया है। उनकी यह यात्रा भारत तोड़ो यात्रा बन गई है।
उन्होंने कहा कि वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करने की कांग्रेसियों की पुरानी आदत है। रामगढ़ महात्मा गांधी और सुभाष चंद्र बोस की धरती है, यह केवल बैनर और पोस्टर में ही नजर आया। रामगढ़ से गुजरने के कर्म में झारखंड के प्रख्यात सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिके रजरप्पा मंदिर दरबार में वे नहीं गए। रामगढ़ में स्थापित लोह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा, महात्मा गांधी की प्रतिमा , महात्मा गांधी के समाधी स्थल, बाबा भीम राव डॉक्टर अम्बेडकर की प्रतिमा, हृदय स्थल सुभाष चंद्र बोस की आदमकद प्रतिमा और ना ही वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया। राहुल गांधी ने रामगढ़ की पावन धरती को अपमानित करने का काम किया है।





