चिट्ठी के साथ मतदान का भी संदेश लेकर जाएंगे डाकिया, करेंगे जागरुक

मीरजापुर । भारतीय चुनाव आयोग के स्वीप कार्यक्रम के तहत लोकसभा चुनाव
में मतदान के लिए मतदाताओं को अब डाक विभाग भी जागरूक करेगा। प्रयागराज
परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव के निर्देश पर परिक्षेत्र
के अधीन कुल 1960 डाकघरों के माध्यम से यह बृहद अभियान चलेगा।पोस्टमास्टर
जनरल ने लोगों से लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की
अपील की।
उन्होंने कहा कि लाखों लोगों के घरों तक पहुंचने वाली
चिट्ठियों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करना है।
खासकर बुजुर्ग, युवा, महिला और फर्स्ट वोटर्स के साथ दिव्यांग मतदाताओं तक
हर हालत में जागरूकता संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
मीरजापुर-सोनभद्र
मंडल के अधीक्षक डाकघर सुरेश चंद्र ने कहा कि पोस्ट ऑफिस में दैनिक रूप से
बड़ी संख्या में आम जनता अपने कार्यों के लिए पहुंचती है। इस लिहाज से
पोस्ट ऑफिस मतदाता जागरूकता के लिए भी उचित स्थान है। उन्होंने डाक विभाग
के समस्त कर्मियों को डोर-टू-डोर मतदाता जागरूकता अभियान में अपनी सक्रिय
भूमिका निभाने को कहा।





