संथाल परगना अंत्योदय आश्रम पुरणदाहा की जमीन बेचने का लोगों ने किया विरोध
देवघर। शहर के पुरणदाहा मुहल्ले स्थित संथाल परगना अंत्योदय आश्रम की भूमि को कुछ लोगों द्वारा पटना की एक कम्पनी को अपार्टमेंट बनाने के लिए देने का मुहल्ले के लोगों ने जमकर विरोध किया।
लोगों का कहना है कि उक्त मुहल्ले में वर्षो से उस भूमि पर गैर सरकारी संस्था काम कर रही है। इस संस्थान में पिछले कई वर्षों से बंधुआ मजदूरों के कल्याण के लिए काम चल रहा है। इसके साथ ही इन दिनों भारत सरकार द्वारा परिवार परामर्श केंद्र का कार्य भी किया जाता रहा है।
मामले में मुहल्ले के निवासी मनोज कुमार यादव ने उपायुक्त,आरक्षी अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र देकर बताया है कि संस्था के कुछ सदस्यों ने मिलकर उक्त संस्था की भूमि को पटना के एक भवन निर्माता पंचवटी कम्पनी को किराए पर देकर इसे बेचने का प्रयास कर रही है। बताया जाता है कि उक्त कम्पनी बहुमंजिला भवन का निर्माण करती है। मुहल्ले के लोगों के अनुसार उक्त भूमि पर प्रारम्भ हुए गैर कानूनी कार्यो का पूछताछ करने गये तो कम्पनी के राहुल नाम के व्यक्ति ने कहा कि आप कौन होते हैं, काम के बारे में पूछनेवाले और कई तरह से धमकी दिया।
यादव ने प्रशासन से मांग किया कि अगर संस्था चलाने में कोई दिक्कत है तो प्रशासन मुहल्ले के लोगों को देकर जनहित के काम कराए। इस मामले में आवेदक यादव ने जानमाल की सुरक्षा देने और उक्त आश्रम को बचाने की मांग की है। ज्ञात हो कि अगर शहर में जमीन सम्बन्धी मामलों की छान-बीन की जाए तो पता चलेगा कि माफियाओं ने सरकार के कई भूखंड पर अपना कब्जा कर लिया है। बरहाल यह अब जांच का विषय है पर लोगों का कहना है की सरकार जब खुद की संपत्ति को नहीं बचा पा रही है तो ग़रीबो का भूखंड कैसे बचेगा।





