झारखंड की 4 सीटों पर कल से शुरू होगा नामांकन
रांची: झारखंड में 13 मई को होने वाले मतदान के लिए 18 अपै्रल गुरुवार को अधिसूचना जारी की जायेगी। आम चुनाव के चौथे और झारखंड के लिए पहले चरण में होने वाले मतदान को लेकर अधिसूचना जारी होते ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र 25 अप्रैल तक भरे जायेंगे। जिन सीटों के दिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी उसमें सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा और पलामू शामिल है। इन चारों सीटों में से तीन एसटी के लिए और एक एससी के लिए आरक्षित है। चुनाव आयोग के द्वारा की गई घोषणा के अनुसार 26 अप्रैल को नामांकन पत्रों की स्क्रुटनी होगी। वहीं, 29 अप्रैल को नामांकन वापसी की तिथि निर्धारित की गई है। चारों सीटों पर मतदान 13 मई को निर्धारित है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि नामांकन दिन के 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चुनाव आयोग के निर्देशानुसार दाखिल किए जाएंगे। इस बाबत जिला स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है और आयोग के दिशा निर्देश के अनुरूप ही भरे जाएंगे। नामांकन के वक्त रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अभ्यर्थी के अलावे सिर्फ चार लोगों को ही इंट्री मिलेगी यानी नामांकन के लिए सिर्फ पांच ही लोग उपस्थित हो सकेंगे।





