कानपुर मंडल सहित पूरे उत्तर प्रदेश में सक्रिय हुआ मानसून
कानपुर, । मानसून की ट्रफ रेखा मध्य प्रदेश से खिसककर उत्तर प्रदेश
की ओर आ रही है। गुरुवार को यह रेखा बुंदेलखंड के इलाकों से लेकर पश्चिमी
उत्तर प्रदेश के इलाकों में देखी जा रही है। इससे कानपुर मंडल सहित पूरे
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग का कहना
है कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसमी गतिविधियां बन चुकी हैं और पूरे
उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश होगी।
चंद्रशेखर आजाद कृषि
प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एस एन सुनील पांडे ने
गुरुवार को बताया कि उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया
है। इससे बुधवार को कानपुर मण्डल के कई जिलों में तेज हवा के साथ झमाझम
बारिश हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अधिक मध्य उत्तर प्रदेश में मध्यम एवं
पूर्वी यूपी में भी बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी हद तक
राहत मिली।
गुरुवार को मौसम की ट्रफ रेखा सोनभद्र से लेकर
प्रयागराज व बुंदेलखंड के इलाके एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय दिखी।
ऐसे में दो से तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। रुक-रुककर
हल्की से तेज बारिश हो सकती है। आगे बताया कि जुलाई के दूसरे सप्ताह के बाद
बादल दक्षिण की तरफ चले गए थे। इसकी वजह से मानसून कमजोर पड़ गया औऱ बारिश
रुक गई, लेकिन मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। इससे बारिश का दौर
जारी रहने की संभावना है। बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं धान की
रोपाई में भी तेजी आएगी। इस समय मानसून की स्थिति काफी अनिश्चित है। पूरे
देश में बारिश का वितरण असमान रूप से हुआ है। यही स्थिति उत्तर प्रदेश में
आगामी दिनों में भी रहेगी और खंडवार बारिश होती रहेगी।





