महाविद्यालय की समस्याएं जल्द होंगी दूर : मंत्री

खूंटी। झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने खूंटी के विधायक राम सूर्या मुंडा के साथ शुक्रवार को बिरसा कॉलेज परिसर स्थित जनजातीय कल्याण छात्रावास का निरीक्षण किया। बिरसा महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो जेके किड़ो, आइटीडीए निर्देशक आलोक शिकारी कच्छप, कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम ने कॉलेज परिसर में उनका स्वागत किया।मौके पर प्रशासन और झामुमो कार्यकर्ताओं ने जनप्रतिनिधि के साथ छात्रावास पहुंचकर छात्रावास की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर खानपान, शौचालय आदि का निरीक्षण किया गया। छात्रों से मंत्री ने बातें की और वहां की कमियों की जानकारी ली। मौके पर चमरा लिंडा ने बताया कि उन्होंने महाविद्यालय छात्रोंसे मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।मंत्री ने कहा कि उन्होंने यहां की समस्याओं को देखा और महाविद्यालय प्रबंधन को इसके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है।उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के नेतृत्व में हम छात्रावास में सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया करायेंगे। यहां के शौचालय की स्थिति खराब है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। इसे ठीक कराना आवश्यक है।हॉस्टल की वार्डन ने बताया कि बालिका छात्रावास में काफी समस्याएं हैं। छात्रावास में रहनेवाली बच्चियां स्वयं खाना पकाती हैं। हॉस्टल में गार्ड नहीं है। पानी की घोर असुविधा है। हॉस्टल के बच्चों को पढ़ने के लिए लाइब्रेरी नहीं है। ऐसी कई समस्याएं हैं, जिसको लेकर मंत्री को ज्ञापन दिया गया है।मौके पर, डॉ अभिषेक, सुनीता टोप्पो, राजकुमार गुप्ता, जेएमएम कार्यकर्ता मनोज कुमार, हालेन तोपनो, जोनसन होरो, दुबराज मुंडा, ललित मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे।





