राहुल की यात्रा से गठबंधन हुआ खंड-खंड, मोदी के नेतृत्व में मिलेगा बहुमत- साध्वी निरंजन ज्योति
फतेहपुर,
30 जनवरी । जिले की सांसद व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति
ने राहुल गांधी की यात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया है। राहुल गांधी की
यात्रा से जुड़े सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी यात्रा से भाजपा
को फायदा हो रहा है। जब उन्होंने पहले यात्रा निकाली थी तो तीन राज्यों में
भाजपा की सरकार बनी।इस बार राहुल गांधी यात्रा निकालते रहेंगे और 2024 में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत बड़ी जीत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं।
केंद्रीय
मंत्री ने जिला मुख्यालय के तामेश्वर चौराहा स्थित अपने आवास पर लोकसभा
चुनाव के केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन करने बाद कहा कि राहुल गांधी की
यात्रा शुरू हुई तो गठबंधन के दो कद्दावर नेता टूट गए। ममता बनर्जी अलग
चुनाव लड़ रही हैं। केजरीवाल अलग चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार हमारे साथ आ गए। राहुल गांधी की यात्रा से इंडिया गठबंधन
खंड-खंड हो जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2024 देश के
लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इस चुनाव में एक तरफ इंडिया गठबंधन है जो अब बिखर
गया है और 2024 के लोकसभा चुनाव के आते-आते बिखरेगा। लोकसभा चुनाव में
कांग्रेस अकेली खड़ी रहेगी और प्रधानमंत्री मोदी सबको साफ कर 2024 में चार
सौ के पार पहुंचेंगे। इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के
केंद्रीय कार्यालय के लोकसभा प्रभारी राजेन्द्र सिंह ने पूजा-पाठ के बाद
दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।





