मनीष जायसवाल ने हजारीबाग की जनता पर जताया भरोसा, कहा- एक बार फिर भाजपा उम्मीदवार की होगी जीत
रामगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने हजारीबाग लोकसभा सीट से सदर
विधायक मनीष जायसवाल को उम्मीदवार घोषित किया है। इस बार नए उम्मीदवार पर
पार्टी ने बड़ी उम्मीद जताई है। इस सीट से दो बार सांसद रहे जयंत सिन्हा ने
लोकसभा चुनाव 2024 नहीं लड़ने का ऐलान किया था। जिसके बाद भाजपा ने मनीष
जायसवाल को हजारीबाग लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया।
उम्मीदवार
बनाए जाने पर मनीष जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह
मंत्री अमित शाह, पार्टी के शीर्ष नेताओं और राज्य कमेटी के प्रति आभार
प्रकट किया। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि हजारीबाग की जनता एक बार फिर
भाजपा की सरकार बनाने के लिए उसके उम्मीदवार को जिताएगी। हजारीबाग में
भाजपा कार्यकर्ताओं की बदौलत पिछले कई वर्षों से इसी पार्टी के सांसद रहे
हैं।
जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन विकसित भारत
बनाना है। इसी विजन को पूरा करना हर सांसद का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए।
अब विकास की इस लकीर को और आगे बढ़ाना है। पूरे देश की जनता इस बार 400 से
ज्यादा सीटें एनडीए की झोली में डालेगी।





