लोबिन हेंब्रम बतौर निर्दलीय प्रत्याशी राजमहल संसदीय क्षेत्र से कल करेंगे नामांकन
साहेबगंज: जिले के बोरियो विधानसभा क्षेत्र से झामुमो के विधायक लोबिन हेंब्रम पहली मर्तबा लोकसभा चुनाव में अपना भाग्य आजमाने जा रहे हैं। इसको लेकर मंगलवार को अपने दल-बल के साथ वे साहेबगंज में समाहरणालय भवन में निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष लोकसभा चुनाव को लेकर अपना नामांकन भरेंगे। नामांकन को लेकर साहेबगंज के साक्षरता चौक से कार्यकर्ताओं की एक रैली भी निकाली जाएगी। जिसमें बड़ी संख्या में बाइक के अलावे चार पहिया वाहन पर भी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उक्त रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपने परंपरागत वेशभूषा में शामिल रहेंगे।नामांकन रैली को यादगार बनाने के लिए उनके समर्थकों द्वारा जोरदार तैयारी की गई है।मिली जानकारी के मुताबिक रैली के दौरान विधायक लोबिन हेंब्रम स्वयं बैलगाड़ी पर सवार होकर नामांकन करने पहुंचेंगे। लोबिन हेंब्रम के अनुसार नामांकन रैली को ऐतिहासिक बनाने की जोरदार तैयारी की गई है। कहा कि रैली के माध्यम से ही विपक्षियों को शक्ति का एहसास करा दिया जाएगा। कहा कि नामांकन के लिए रैली दोपहर 12:00 बजे निकल जाएगी। नामांकन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद दोपहर 1:00 बजे के बाद लोहंडा स्थित एक हाल में कार्यकर्ता सभा की जाएगी जिसे लोबिन हेम्ब्रम संबोधित करेंगे। दरअसल पार्टी से बगावत करते हुए जेएमएम विधायक लोबिन हेंब्रम राजमहल लोकसभा सीट से बतौर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पहली बार चुनाव लड़ेंगे। इसके लिए पिछले कुछ समय से वे क्षेत्र में लगातार प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। लोबिन हेंब्रम ने विश्वास जताते हुए कहा कि क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के दौरान एक ओर जिस तरह से लोगों का प्यार उन्हें मिल रहा है वहीं दूसरी ओर महागठबंधन प्रत्याशी के प्रति विरोध देखने को मिल रहा है, इसे देखते हुए यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि 1997 में विधानसभा चुनाव की तरह ही वे इस बार के लोकसभा चुनाव में एक नया इतिहास बनाने में सफल होंगे। संसदीय चुनाव को लेकर राजमहल लोकसभा सीट के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। जबकि यह प्रक्रिया 14 मई को समाप्त होगी।





