न्यायिक अधिकारी ने गरीबों में बांटे कंबल
खूंटी,
26 दिसंबर (हि.स.)। वैसे तो न्यायिक अधिकारियों का काम अदालती कार्यों का
निष्पादन करना होता है, पर कुछ ऐसे भी अधिकारी हैं, जो अपने सामान्य
कार्यों के अलावा गरीबों की सेवा में अधिक रुचि लेते हैं। ऐसे ही एक
न्यायिक अधिकारी हैं जिला विधिक सेवा प्राधिकार खूंटी के सचिव मनोरंजन
कुमार।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष सत्य
प्रकाश के निर्देश पर मनोरंजन कुमार सोमवार की आधी रात को खूंटी शहर में
निकल पड़े और सड़क किनारे और शेड में ठंड से ठिठुरते गरीबों को कंबल ओढ़ाया।
आधी रात को एक अधिकारी को अपने पास पाकर ठंड से ठिठुर रहे गरीबों के
आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने उक्त अधिकारी को आशीर्वाद दिया। मौके
पर डालसा के पीएलवी चंदन कुमार भी मौजूद थे।





