झारखंड विधानसभा के अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया रक्तदान
रांची। झारखंड विधानसभा में मंगलवार को रिम्स ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रक्त जांच के प्रबंध भी किये गये थे। कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा के अधिकारियों एवं कर्मियों ने रक्तदान किया।
इस दौरान स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया एवं रक्तदान करने वाले कर्मियों को रक्तदान से संबंधित प्रमाण पत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि वैसे लोग जो रक्तदान के लिए मेडिकल रूप से फिट हैं, उन्हें समय अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान से जरूरतमंदों के सहयोग के साथ शरीर को भी कई फायदे हैं।
इस दौरान उनके साथ झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव सैयद जावेद हैदर भी उपस्थित थे। रक्तदान शिविर में रिम्स की डॉक्टर कविता देवघरिया, डॉक्टर ऊषा सरोज के अलावा तथा झारखंड विधानसभा औषधालय की मेडिकल टीम ने अहम भूमिका निभाई।





