हेमंत सरकार में ट्रांसफर पोस्टिंग के नाम पर हो रही अवैध कारोबार की जांच हो : सांसद
दुमका। सांसद सुनील सोरेन ने सोमवार को कहा कि हेमंत सरकार ट्रांसफर और पोस्टिंग की सरकार बन कर रह गई है। सरकार को लोगों के मूलभूत समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। यहां सड़क, पानी, बिजली की स्थिति ठीक नहीं है। लेकिन सरकार ट्रांसफर-पोस्टिंग में लगी है। सांसद ने अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि हेमंत सरकार में ट्रांसफर पोस्टिंग के नाम पर हो रही अवैध कारोबार की जांच हो। सरकार पैसा लेकर ट्रांसफर-पोस्टिंग में लगी है। सांसद ने जिले को सीमावर्ती राज्य से जोड़ने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत के प्रति गंभीर नहीं होने का आरोप सरकार पर लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को वीडीओ कांफ्रेसिंग के माध्यम से जर्जर सड़क की स्थिति से अवगत कराते हुए मरम्मत का आग्रह किया था। लेकिन सरकार जनहित मुद्दे पर संवेदहीन है। उन्होंने कहा कि दुमका-भागलपुर रोड़ जर्जर हो चुकी है। बीते छह माह से इस सड़क से आवागमन बिल्कुल ठप है। इस सड़क के बंद होने से जिले के विभिन्न सड़कों पर मालवाहक वाहनों के गुजरने से अन्य सड़कों की स्थिति भी जर्जर हो चुकी है। लगता ही नहीं है कि राज्य में सरकार है। उन्होंने कहा कि संवेदकों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। संवेदक कर्ज लेकर कामों को पूरा करने के बावजूद भुगतान के अभाव में परेशानी से गुजर रहे हैं।





