प्रधानमंत्री के धनबाद दौरे के मद्देनजर पुलिसकर्मियों की सारी छुट्टियां रद्द
धनबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक मार्च को धनबाद आएंगे। इसके मद्देनजर धनबाद में पुलिसकर्मियों की अगले आदेश तक छुट्टी रद्द कर दी गई है। एसएसपी ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार प्रधानमंत्री के धनबाद में निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों का सभी प्रकार का अवकाश तत्काल प्रभाव से स्थगित किया गया है। सभी थाना, ओपी प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, परिचारी प्रवर, डीएसपी और एसडीपीओ को निर्देश किया गया है कि प्रधानमंत्री आगमन के अवसर पर विधि-व्यवस्था व डयूटी को दृष्टिगत रखते हुए किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृति नहीं की जाएगी तथा 26 फरवरी से स्वीकृत अवकाश में भी प्रस्थान नहीं देंगे। विशेष परिस्थिति में आरक्षी, हवलदार संवर्ग के कर्मियों का अवकाश सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी स्वीकृत करेंगे जबकि पुलिस पदाधिकारियों का अवकाश एसएसपी स्वीकृत करेंगे।
उल्लेखनीय है कि एक मार्च को प्रधानमंत्री मोदी पूर्वाह्न 11:00 बजे सिंदरी के हर्ल कारखाना का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद 12:00 बजे बरवाअड्डा स्थित एयरपोर्ट में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा रोड शो भी करेंगे। हर्ल प्लांट का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर धनबाद में सुरक्षा के दृष्टिकोण से तीन हजार अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए जाएंगे। सभी थाना व ओपी प्रभारी को प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया गया।





