रातू के काठीटांड़ में भीषण सड़क हादसा, शादी से लौट रहे 9 लोग घायल

तेज रफ्तार ट्रक ने पियागो ऑटो को मारी टक्कर, दो की हालत गंभीर
रांची : रातू थाना क्षेत्र के काठीटांड़ चौक के पास सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरे पियागो ऑटो को एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार महिलाओं समेत कुल 9 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सभी लोग कांके के हातमा स्थित रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होकर मलटोटी गांव लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घायलों में मीना देवी, वीणा उरांव, सुभाष उरांव, चलकी उराईन, संगीता उरांव, सुकरा उरांव, रॉकी सिंह, लुका उरांव और कैलाश उरांव शामिल हैं।





