हॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता कार्ल वेदर्स का 76 वर्ष की आयु में निधन
न्यूयॉर्क,
03 फरवरी (हि.स.)। हॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता कार्ल वेदर्स का 76 वर्ष
की आयु में निधन हो गया। रॉकी और प्रीडेटर जैसी में फिल्मों में अपने दमदार
अभिनय से पहचान बनाने वाले वेदर्स ने गुरुवार को आखिरी सांस ली। द
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, उनके परिवार ने मौत की पुष्टि की
है। परिवार ने यह साफ नहीं किया कि कार्ल वेदर्स का निधन कहां हुआ।
न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, उनके परिवार ने एक बयान में कहा कि वह "नींद
में हमेशा के लिए शांति से सो गए।" कार्ल वेदर्स ने फिल्मों और टीवी शो में
अपनी बहुमुखी प्रतिभा से सभी को अपना फैन बना लिया। परिवार ने बयान में
कहा कि कार्ल ने असाधारण जीवन जीया। फिल्म, टेलीविजन, कला और खेल में अपने
योगदान के माध्यम से उन्होंने अमिट छाप छोड़ी है। दुनिया उनको याद करेगी।
अखबार
की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म रॉकी में काम करने से पहले वह एक फुटबॉल
खिलाड़ी थे। उनको बॉक्सिंग का कोई अनुभव नहीं था। वेदर्स ने रॉकी में अपोलो
क्रीड की भूमिका के लिए ऑडिशन दिया और उसके लिए चयनित हो गए। इसके बाद
उन्होंने ऑस्कर विजेता फिल्म रॉकी के तीन सीक्वल में काम किया। वह
मुक्केबाजी के दिग्गज मुहम्मद अली को अपना प्रेरणास्रोत मानते थे। इस बात
का जिक्र उन्होंने अपने कई इंटरव्यू में किया।
उन्होंने
लगभग 80 फिल्म और टेलीविजन धारावाहिक में काम किया। 2000 के दशक की शुरुआत
में उन्होंने सिटकॉम "अरेस्टेड डेवलपमेंट" में एक अभिनय कोच के रूप में
यादगार भूमिका निभाई। हाल के वर्षों में उन्होंने एनिमेटेड फिल्म "टॉय
स्टोरी 4" में कॉम्बैट कार्ल की आवाज दी और "स्टार वार्स" टेलीविजन
धारावाहिक"द मांडलोरियन" में ग्रीफ कार्गा की भूमिका निभाई। इसमें उत्कृष्ट
अतिथि अभिनेता के लिए 2021 में एमी पुरस्कार नामांकन अर्जित किया।





