रांची से चलेंगी होली स्पेशल चार ट्रेनें
रांची। होली पर दूसरे राज्यों से काफी लोग घर लौटते हैं। ऐसे में ट्रेनों में टिकट के लिए मारा-मारी बढ़ जाती है। यात्री सुविधा के लिए रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। भीड़ को कम करने के लिए इस बार भी रेलवे की ओर से रांची से चार स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। इससे यूपी और बिहार जाने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। इसको लेकर रांची रेल डिविजन की ओर से इसकी घोषणा कर दी गई है।
रांची रेल डिविजन ने स्पेशल ट्रेनों के आने-जाने का समय भी निर्धारित कर दिया है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि यूपी और बिहार से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। इससे ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। सामान्य ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। चार स्पेशल ट्रेनों में तीन केवल बिहार और एक ट्रेन बिहार के रास्ते उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर तक जाएगी।
रांची-जयनगर-रांची होली स्पेशल ट्रेन
-यह ट्रेन एक ट्रिप चलेगी। रांची स्टेशन से यह ट्रेन 23 मार्च को खुलेगी। वहीं, 24 मार्च को यही ट्रेन ट्रेन संख्या 08839 बनकर जय नगर से रांची के लिए खुलेगी। इस ट्रेन में एसएलआरडी के 2 कोच, द्वितीय श्रेणी और स्लीपर के 22 कोच समेत कुल 24 कोच होंगे।
रांची- कटिहार-रांची होली स्पेशल ट्रेन
रांची से कटिहार के लिए 22 मार्च और 29 मार्च को खुलेगी। वहीं, कटिहार से यही ट्रेन 21 और 28 मार्च को खुलेगी। यह ट्रेन दो फेरे लगाएगी। रेलवे ने समय सारणी जारी कर दी है। इसमें एसएलआरडी के 02 कोच, सामान्य श्रेणी के 05 कोच, द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 05 कोच और 3-टीयर के 03 कोच होंगे।
रांची-गोरखपुर-रांची होली स्पेशल ट्रेन
होली फेस्टिवल को देखते हुए यूपी तक के लिए रांची रेल मंडल से एकमात्र स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन रांची से गोरखपुर के लिए खुलेगी। फिर गोरखपुर से रांची के लिए वापसी होगी। रांची से ट्रेन संख्या 08821 और गोरखपुर से ट्रेन संख्या 08822 बनकर चलेगी। ट्रेन में जनरेटर यान के 02 कोच और वातानुकूलित 3-टियर (इकनॉमी) के 17 कोच होंगे। ट्रेन के रूट में भी बदलाव किया गया है। ट्रेन पटना के रास्ते गोरखपुर तक जाएगी।
रांची-पूर्णिया-रांची होली स्पेशल ट्रेन
पूर्णिया के लिए खुलने वाली यह ट्रेन केवल एक ट्रिप के लिए होगा। यह 23 मार्च को से खुलेगी। वापसी में यह ट्रेन पूर्णिया से इसी दिन खुलेगी। ट्रेन में एसएलआरडी की एक कोच, सामान्य श्रेणी के आठ कोच, द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 10 कोच और थ्री टीयर एसी के दो कोच मिलाकर कुल 21 कोच शामिल होंगे।





