लक्सर के किसानों ने गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग की

हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के किसानों के प्रतिनिधिमण्डल ने पूर्व विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता लक्सर संजय गुप्ता से उनके आवास पर भेंट की और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन देकर गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग की।किसानों ने ज्ञापन में कहा कि यूपी व हरियाणा सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाया है, किन्तु उत्तराखण्ड में अभी गन्ने के दाम नहीं बढ़ाए गए हैं। किसानों ने गन्ने की फसल के दाम 425 रुपये प्रति कुंतल करने की मांग की है। इस मौके पर भाजपा नेता संजय गुप्ता ने कहाकि किसान सदैव भाजपा के साथ खड़ा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा विकास के कार्य लगातार कर रही है। देश व प्रदेश विकास की ओर तेजी से अग्रसर है। सरकार किसानों के लिए बेहतर कार्य कर रही है, किन्तु किसानों को गन्ने की फसल में उसकी लागत का सही मूल्य नहीं मिल रहा है।पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने किसानों को हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर संजीदा है। भाजपा किसानों की आय को दो गुना करने की दिशा में कार्य कर रही है। वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री के समक्ष किसानों की मांगों को रखेंगे। प्रदेश सरकार शीघ्र ही किसानों के हित में निर्णय लेगी।ग्रामीणों के प्रतिनिधिमण्डल में देवेन्द्र चौधरी, जसवीर चौधरी, सभाष चौधरी, संजय चौधरी, राहुल चौधरी, मोनू प्रधान, सचिन चौधरी, सुबोध चौधरी, सोनू मुखिया समेत दर्जनों लोग शामिल थे।





