ईडी कार्यालय पहुंचे पूर्व मंत्री योग्रेंद्र साव, पूछताछ शुरू
रांची, रांची एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय
में पूर्व मंत्री योग्रेंद्र साव बुधवार को पहुंचे हैं। ईडी के अधिकारियों
ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। इससे पहले सीओ शशिभूषण से ईडी ने मंगलवार को
पूछताछ की थी। शशिभूषण का कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के पूरे परिवार से
अच्छा संबंध रहा है।
शशि भूषण ने कई जमीनों पर कब्जे के लिए अंबा
प्रसाद और उनके पिता योगेंद्र प्रसाद की मदद की थी। इसी वजह से अंबा के
करीबी शशिभूषण के साथ-साथ दूसरे करीबियों के यहां भी ईडी ने छापेमारी की
थी। ईडी को शशिभूषण की भी 100 से अधिक संपत्तियों की जानकारी मिली है।
हजारीबाग में खासमहल की जमीन कब्जा करने में तत्कालीन सीओ शशिभूषण सिंह के
साथ अंबा प्रसाद और उनके पिता योगेंद्र साव की मिलीभगत की भी जांच ईडी कर
रही है।
उल्लेखनीय है कि ईडी चार अप्रैल को विधायक अंबा प्रसाद और
पांच अप्रैल उनके भाई अंकित साव से पूछताछ करेगी। वसूली, अवैध बालू खनन और
जमीन पर कब्जा को लेकर ईडी ने 12 मार्च को विधायक अंबा प्रसाद सहित 20
ठिकानों पर छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान 35 लाख रुपये, डिजिटल
उपकरण, सर्किल कार्यालयों, बैंकों आदि के नकली टिकट और हाथ से लिखी रसीदें,
डायरियां आदि के रूप में विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद और जब्त किए गए
थे। साथ ही राज्य में अवैध बालू खनन से जुड़े साक्ष्य भी मिले थे।





