खाद्य आपूर्ति मंत्री को डीलरों से एलर्जी: ओंकारनाथ झा
रामगढ़,
07 जनवरी झारखंड में फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन ने सरकार की गलत
नीतियों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी है। संगठन की एक बैठक रविवार
को रामगढ़ शहर के क्षत्रिय धर्मशाला परिसर में आयोजित हुई। इस बैठक में
शामिल संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ओंकारनाथ झा ने सीधे तौर पर खाद्य आपूर्ति
मंत्री रामेश्वर उरांव पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि
मंत्री को डीलरों से एलर्जी है। यही वजह है कि वे ना तो डीलरों के कमीशन का
भुगतान कर पा रहे हैं और ना ही उन्हें अनुकंपा का लाभ दिला रहे हैं। यहां
तक कि कमीशन की बढ़ोतरी का आश्वासन मिलने के बाद भी आज तक उसपर अमल नहीं
हुआ। ओंकार नाथ झा ने कहा कि झारखंड सरकार ने कमीशन बढ़ोतरी का आश्वासन
दिया था लेकिन कब और कितना होगा इस पर कोई चर्चा नहीं हुई।
उन्होंने
कहा कि 2022 तक डीलरों को अनुकंपा का लाभ मिला था लेकिन 2023 से इसे
समाप्त कर दिया गया है। इस दौरान काल कल्वित हुए डीलर का परिवार भूखे करने
को विवश हैं। उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड में प्रधानमंत्री कल्याण योजना
के तहत लगभग 200 करोड़ से ज्यादा की राशि सरकार पर बकाया है। जिसका भुगतान
नहीं हो पा रहा है। यदि समय पर कमीशन का भुगतान नहीं होगा तो डीलर का
परिवार कैसे चलेगा?
उन्होंने कहा कि इंटरनेट सरवर
की समस्या की वजह से ऑथेंटिकेशन नहीं हो पता है, जिसका सारा खामियाजा डीलर
को भुगतना पड़ता है। एनएफएसए में एडवांस कमीशन भुगतान का प्रावधान है। यदि
सरकार समय पर ही कमीशन दे दे तो बड़ी बात होगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के
दौरान भी डीलर ने जान हथेली पर लेकर अनाज का भुगतान किया। झारखंड में कई
डीलर काल कल्वित हुए लेकिन उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिला। इन्हीं सब मुद्दों
को लेकर आज फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन एकजुट हुआ है। पिछले एक जनवरी से
हमारा हड़ताल जारी है और जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होगी, हमारा यह
आंदोलन चलता रहेगा।
बैठक में सुरेश प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष मोहन
भैया, सचिव संजय कुमार, सुबोध सिन्हा, नंदू प्रसाद, राजेश बंसल, प्रमोद
गुप्ता, अजय राय, अब्दुल्लाह अंसारी सहित कई लोग मौजूद थे।





