हरित विकास के लिए एनर्जी ट्रांजिशन आवश्यक: विकास आयुक्त
रांची: इंटरनेशनल कांफ्रेंस सस्टेनेबल जस्ट ट्रांजिशन फॉर फ्यूचर रेडी, झारखंड के दूसरे दिन गुरुवार को जस्ट ट्रांजिशन से संबंधित वैश्विक परिप्रेक्ष्य और बेस्ट प्रैक्टिसेज पर विमर्श हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए विकास आयुक्त अविनाश कुमार ने सततशील विषय एवं हरित विकास के लिए एनर्जी ट्रांजिशन को अनिवार्य बताते हुए कहा कि इस प्रक्रिया में सामाजिक आकांक्षाओं, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के बीच संतुलन साधना आवश्यक है। उन्होंने सस्टेनेबल ट्रांजिशन से संबंधित संस्थागत ढांचा तैयार करने की जरूरत पर बल दिया। इस अवसर पर प्रधान सचिव स्वास्थ्य विभाग अजय कुमार सिंह ने कहा कि ग्रीन इकोनॉमी को बढ़ावा देने के लिए सस्टेनेबिलिटी और इन्क्लूसिविटी के उपायों में आदिवासी ज्ञान का सामवेश, समुदायों एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स का क्षमतावर्द्धन आदि कदम इसे प्रभावी बनाने में सहायक होगा। टास्क फोर्स के अध्यक्ष एके रस्तोगी ने बताया कि सभी स्टेकहोल्डर्स ने फाइनेंसिंग का संस्थागत ढांचा तैयार करने के लिए एक विशेष ट्रांजिशन फंड बनाने और क्लीन एनर्जी से जुड़े इकोसिस्टम तैयार करने पर जोर दिया है, ताकि ट्रांजिशन की प्रक्रिया सुलभ हो सके। कांफ्रेंस में कई आईएएस अधिकारियों ने विचार रखे। इस दौरान यूएनडीपी इंडिया, डब्ल्यूआरआई इंडिया, विश्व बैंक, अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन, सीसीएल, सेल, एनटीपीसी, सीड सहित कई संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





