रांची में मंत्री आलमगीर आलम के पीए के नौकर के घर से ईडी को मिले 25 करोड़, रेड जारी

रांची में मंत्री आलमगीर आलम के पीए के नौकर के घर से ईडी को मिले 25 करोड़, रेड जारी
रांची: राजधानी रांची में ईडी ने बड़ी कारवाई की है। ईडी के छापेमारी में मंत्री आलमगीर आलम के पीए के नौकर के घर से ईडी को 25 करोड़ रुपए मिले हैं। बताया जा रहा है कि ये पैसे मंत्री के पीए संजीव लाल के है। जबकि उनके नौकर का नाम जहांगीर आलम है। लोकसभा चुनाव के दौरान झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। केंद्रीय एजेंसी रांची में कई ठिकानों पर छापेमारी कर रहा है। वीरेंद्र राम मामले में झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के पीएस संजीव लाल के घरेलू सहायक के यहां से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। नोटो की गड्डियों का ढेर लगा हुआ है, जिसे देखकर अधिकारी भी चकरा गए हैं, जिन्हें गिनने के लिए मशीनें मंगवाई गई हैं। ईडी के अधिकारियों की ओर से जारी किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि घर में किस तरह से नोटों को रखा गया था। बैग, सूटकेस और पॉलिथीन में भरकर नोटों की गड्डियां रखी गई थीं। अधिकारी घर का कोना-कोना छान रहे हैं। पीएमएल के तहत करीब आधा दर्जन ठिकानों पर रेड डाली गई है। ईडी की ये कार्रवाई निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम और उनके करीबियों के ठिकानों पर भी हो रही है। ईडी ने कुछ योजनाओं के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फरवरी 2023 में झारखंड ग्रामीण विकास विभाग के चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम को गिरफ्तार किया था।बीते साल फरवरी में एजेंसी ने वीरेंद्र राम से लंबी पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार किया था। ईडी ने 21 फरवरी 2023 को रांची, जमशेदपुर और झारखंड, बिहार और दिल्ली के कुछ अन्य स्थानों पर सर्च अभियान चलाया था, जिसके बाद उसे पकड़ा था। एजेंसी ने तमाम परिसरों से 30 लाख का कैश, 1.5 करोड़ रुपए के गहने, कई करोड़ की 8 लग्जरी कारें और एसयूवी, मेट्रो और अन्य शहरों में फ्लैट व बंगले जब्त किए थे।फिलहाल ईडी की छापेमारी जारी है। संजीव लाल के आवास में भी छापेमारी जारी है। लगभग ईडी के 16 अधिकारी इस कार्रवाई में शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार रांची के सेल सिटी और बोड़िया रोड में ईडी के रेड चल रही है। जानकारी के अनुसार रांची के सेल सिटी में पथ निर्माण विभाग के इंजीनियर विकास कुमार के आवास पर भी छापेमारी चल रही है।





