बोनस को लेकर टाटा स्टील UISL का बड़ा फैसला, कर्मचारियों को 17.85 प्रतिशत बोनस
पूर्वी सिंहभूम। टाटा स्टील यूआईएसएल के कर्मचारियों के बोनस को लेकर सोमवार को कंपनी प्रबंधन और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज श्रमिक यूनियन के बीच समझौता हुआ।

पूर्वी सिंहभूम। टाटा स्टील यूआईएसएल के कर्मचारियों के बोनस को लेकर सोमवार को कंपनी प्रबंधन और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज श्रमिक यूनियन के बीच समझौता हुआ। समझौते के तहत इस वर्ष कर्मचारियों को 17.85 प्रतिशत बोनस मिलेगा। बोनस की न्यूनतम राशि 33,176 रुपये और अधिकतम राशि 34,23,294 रुपये निर्धारित की गई है। बोनस की राशि इसी महीने कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
बोनस समझौते पर कंपनी प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर, सीनियर जीएम विजय प्रकाश सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए। वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष अमरनाथ तिवारी, डिप्टी प्रेसीडेंट रविकांत शुक्ला, उपाध्यक्ष पिंटू शर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौते की खास बात यह है कि कंपनी प्रबंधन और यूनियन ने अगले तीन वर्षों के बोनस को लेकर भी सहमति बनाई है। इस वर्ष का बोनस वर्तमान बोनस फॉर्मूले के आधार पर तय किया गया है, जबकि आगामी तीन वर्षों के लिए बोनस भुगतान की व्यवस्था और फॉर्मूले को लेकर भी प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।
कंपनी और यूनियन के बीच हुए इस समझौते से कर्मचारियों को अगले तीन वर्षों तक बोनस भुगतान की व्यवस्था को लेकर स्पष्टता मिलेगी। बोनस की राशि इसी माह कर्मचारियों के खातों में भेजे जाने से उन्हें तत्काल आर्थिक लाभ भी मिलेगा।





