पलामू में DSP पर बेरहमी से पिटाई का आरोप, मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट लगने की पुष्टि

पलामू : पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपी मंटू सिंह के साथ पुलिस हिरासत में मारपीट के आरोप सामने आने से मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस रिमांड के दौरान डीएसपी राजेश यादव ने मंटू सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके शरीर के निचले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं।
परिजनों के अनुसार, कमर के नीचे पीछे का हिस्सा बुरी तरह सूज गया है और वहां लाल-काले निशान भी दिखाई दे रहे हैं। उनका दावा है कि मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) की मेडिकल रिपोर्ट में भी चोटों की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में उपचार के लिए दवाएं, जिनमें साइक्लोपारा टैबलेट शामिल है, लिखे जाने की बात भी कही जा रही है।
वहीं, मामले पर सदर डीएसपी राजेश यादव ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें झूठा और तथ्यहीन बताया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप मामले को प्रभावित करने और जांच को भटकाने के उद्देश्य से फैलाए जा रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि मंटू सिंह ने 9 जून को अदालत में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद 22 जून को चैनपुर थाना पुलिस ने उसे 24 घंटे के रिमांड पर लिया। इसी दौरान पूछताछ के नाम पर कथित रूप से मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है।
परिजनों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि जरूरत पड़ने पर वे राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। उनका आरोप है कि हिरासत में किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार कानून और मानवाधिकार दोनों का उल्लंघन है।
अब पूरे मामले पर प्रशासनिक स्तर पर जांच या आधिकारिक रिपोर्ट सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।





