मनरेगा कर्मचारी संघ का प्रतिनिधि मंडल मिला अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री से
देवघर । झारखण्ड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ देवघर जिला का एक प्रतिनिधि मंडल प्रदेश संयुक्त सचिव राजेश दास के नेतृत्व में राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा है। प्रतिनीधिमंडल ने मंत्री से पहल कर मनरेगा कर्मचारियों की चल रहे 15वें हड़ताल का सकारात्मक समझौता कर हड़ताल को समाप्त कराने का आग्रह किया है।
वहीं मनरेगा संघ के सदस्यों ने अपने आवेदन में दर्शाया है कि मनरेगा कर्मी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के अंतर्गत ग्राम रोजगार सेवक, लेखा सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता एवं प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर पिछले 12 वर्षों से भी अधिक समय से निष्ठापूर्वक कार्य कर रहे हैं।
हमारी नियुक्ति सरकारी प्रयोजन एवं पूर्ण वैधानिक प्रक्रिया से आरक्षण रोस्टर का पालन कर मेधा सूची के आधार पर हुई है। हम लोगों ने अपने जीवन काल का अति महत्वपूर्ण समय मनरेगा के क्रियान्वयन के लिए तथा गरीब जनता को सरकार की दिशा निर्देश के अनुसार रोजगार देने में बिता दिया है। हमारी मुख्य मांगे है कि झारखंड राज्य में कार्यरत सभी मनरेगा कर्मियों को स्थायी किया जाए साथ ही सरकार के द्वारा दी जानें वाली सारी सुविधाओं को मुहैया कराया जाए। वहीं मनरेगा कर्मचारी संघ के सदस्यों ने अपने अन्य मांगों को लेकर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी से पहल करते हुए निराकरण की बात कही है और आग्रह किया है कि एक सकारात्मक वार्ता कर हड़ताल तुड़वाने की पहल किया जाए।





