पलामू में जानलेवा गर्मी, 24 घंटे में चार मरे
पलामू,। गर्मी के सितम से पूरा राज्य हलकान है। सूरज आग उगल रहा
है। इससे पलामू जिले में गर्मी जानलेवा हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान
गर्मी से चार लोगों की मौत हुई। तीन की मौत रेलवे स्टेशन परिसर में हुई,
जबकि एक युवक की मौत कचहरी चौक के पास हुई। इस बीच गुरुवार को अधिकतम
तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पलामू में पिछले तीन
दिनों से अधिकतम तापमान 47 डिग्री से अधिक रिकार्ड किया जा रहा है। सूरज
के निकलते ही सड़कों पर चलना मुश्किल होते जा रहा है। गुरुवार को भी कुछ
इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। पिछले 24 घंटे के दौरान एक-एक करके चार
लोगों की मौत हुई है। मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के हमीदगंज के रहने वाले
सुरेश राम का पुत्र विकास कुमार (35) की मौत कचहरी चौक के पास हो गई। विकास
बुधवार को बकाया पैसे लेने पांकी गया था। शाम में लौटने के बाद कचहरी चौक
के पास अचानक गिर पड़ा। उसे इलाज के लिए एमआरएमसीएच में लाया गया, जहां
उसकी मौत हो गई। विकास बस स्टैंड स्थित सुमन मेडिकल एजेंसी में सेल्समैन के
तौर पर कार्यरत था।
इसी तरह उत्तर प्रदेश के कानपुर से आया एक
यात्री डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर अत्यधिक गर्मी के कारण बेहोश होकर गिर
पड़ा, उसे इलाज के लिए एमआरएमसीएच में भर्ती किया गया। कुछ देर इलाज के बाद
उसकी मौत हो गई। यात्री की पहचान अनिल कुमार अवस्थी के रूप में हुई है।
अनिल उत्तर प्रदेश के कानपुर जूही कॉलोनी का रहने वाला था। इसी तरह
डालटनगंज रेलवे स्टेशन परिसर में एक अज्ञात महिला और पाटन निवासी मुनेश्वर
भुइयां की लू लगने से मौत हो गई। मुनेश्वर उसकी पत्नी डालटनगंज स्टेशन
परिसर में रहा करते थे और दातुन बेच कर अपना गुर्जर बसर करते थे। पलामू में
47.8 डिग्री सेल्सियस तापमान 6 मई, 1978 को रिकॉर्ड किया गया था। करीब 46
वर्ष बाद राज्य में अधिकतम तापमान ने सर्वाधिक तापमान के आंकड़े को फिर एक
बार छू लिया है।





