डीसी ने की अधिकारियों के साथ बैठक, दिये कई दिशा निर्देश
रांची। रांची में 18 अगस्त को होने वाले रैपिड एंटीजेन मास टेस्टिंग कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रविवार को उपायुक्त छवि रंजन ने अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में आयोजित बैठक में रैपिड एंटीजेन मास टेस्टिंग के लिए प्रतिनियुक्त सभी कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उपायुक्त रंजन ने कहा कि रैपिड एंटीजेन मास टेस्टिंग ड्राइव को सफल बनाने के लिए कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर बनाए गए हैं। सभी कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर अपने सम्बंधित क्षेत्र के लोगों का टेस्ट करवाना सुनिश्चित करेंगे। यह मास टेस्टिंग ड्राइव शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वैसे जगह कराया जाएगा। जहां पर लोग अपने कार्य करने के दौरान ज्यादा से ज्यादा लोगों के सम्पर्क में आते हैं। व्यावसायिक प्रतिष्ठान में कार्य करने वाले, सफाई कार्य से जुड़े लोग, अपने कार्यस्थल पर ज्यादा लोगों के कांटेक्ट में आनेवाले कर्मियों की भी टेस्टिंग की जाएगी। सभी बीडीओ को प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, जे एस एल पी एस, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी आदि से समन्वय कर ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को मास टेस्टिंग की पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने तथा इस कार्य को सम्पन्न करने का दायित्व सौंपा गया है। उपायुक्त रंजन ने रविवार को कहा कि इस मास टेस्ट ड्राइव का लक्ष्य है कि जो लोग अन्य लोगों के साथ संपर्क में ज्यादा आते हैं तो उनको अपनी टेस्टिंग करवा लेनी चाहिए। उपायुक्त ने सभी कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर को सख्त निदेश दिया है कि जो भी लोग अपनी सैम्पल देने टेस्टिंग सेंटर में आते हैं उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करना अनिवार्य होगा। मास्क पहनना भी आवश्यक होगा। सभी कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर आनेवालों लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कतार में लगाना सुनिश्चित करेंगे। सभी कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर को प्रत्येक दो घंटे में टेस्ट रिपोर्ट के प्रगति की जानकारी जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम को उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया है। इस अवसर उप विकास आयुक्त, ए डी एम लॉ एंड आर्डर, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू, उपसमाहर्ता भू राजस्व, सिविल सर्जन समेत सभी कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर उपस्थित थे।





